कुदरा पुलिस पर निर्दोष को गिरफ्तार कर जेल भेजने का आरोप, न्यायालय ने मांगा जवाब


नाम और पिता के नाम में समानता के कारण गलत गिरफ्तारी का आरोप, एसपी ने जांच कराने की कही बात



कैमूर-- जिले के कुदरा थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं। एक व्यक्ति ने पुलिस पर गलत पहचान के आधार पर गिरफ्तार कर जेल भेजने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय ने प्रोविजनल बेल देते हुए थाने से जवाब तलब किया है। वहीं, एसपी शिखर चौधरी ने मामले की जांच कराने की बात कही है। पीड़ित कन्हैया लाल सिंह, पिता स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह, निवासी पचरा गांव के अनुसार, पुलिस ने उन्हें 16 अक्टूबर को कुदरा थाना कांड संख्या 421/18 में जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया था। उनका आरोप है कि उक्त मामले में आरोपी विजय सिंह के पुत्र कन्हैया सिंह थे, जबकि उन्हें विश्वनाथ सिंह का पुत्र होने के बावजूद नाम में समानता के कारण गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि 30 नवंबर 2018 को पचरा गांव के सुभाष सिंह ने मारपीट को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़ित ने मेडिकल रिपोर्ट में भी पिता के नाम में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। मामले में अधिवक्ता शशि कुमार पांडेय ने न्यायालय के समक्ष कन्हैया लाल सिंह के निर्दोष होने से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद न्यायालय ने उन्हें प्रोविजनल बेल देते हुए कुदरा थाने से जवाब मांगा है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के बाद उन्हें करीब 24 घंटे तक थाने में बिना खाना-पानी के रखा गया। इस मामले ने पुलिस की पहचान सत्यापन प्रक्रिया और कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष और न्यायालय में प्रस्तुत जवाब सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट