तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में 13 लोगों पर चालानी कार्रवाई

राजगढ़ । तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत गुरुवार को जिला चिकित्सालय राजगढ़ में तंबाकू का सेवन करने वाले स्टाफ एवं मरीजों के परिजनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अस्पताल के विभिन्न वार्डों में निरीक्षण कर कुल 13 लोगों के चालान बनाए गए। प्रत्येक व्यक्ति पर 20 रुपये के मान से कुल 260 रुपये की चालानी राशि निर्धारित की गई, जिसे शासकीय कोष में जमा कराया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय के मेल एवं फीमेल मेडिकल वार्ड, मेल एवं फीमेल सर्जिकल वार्ड, बच्चा वार्ड तथा पीएनसी वार्ड सहित अन्य वार्डों में कार्रवाई की गई। इस दौरान संबंधित लोगों को अस्पताल परिसर में तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा स्वच्छता बनाए रखने की समझाइश दी गई।

अस्पताल प्रबंधन द्वारा लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए भविष्य में तंबाकू का सेवन नहीं करने की चेतावनी दी गई। साथ ही अस्पताल परिसर को स्वच्छ रखने तथा मरीजों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की अपील की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री देवाशीष मस्कोले, श्री प्रहलाद सिंह सिसौदिया एवं श्री विक्रम सिंह तोमर सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे। तंबाकू मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत अस्पताल परिसर में तंबाकू सेवन पर रोक के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से इस प्रकार की कार्रवाई की गई।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट