डीएम ने खेल भवन, व्यामशाला बैडमिंटन कोर्ट का किया निरीक्षण


रोहतास।जिलाधिकारी ने खेल भवन, व्यायामशाला एवं बैडमिंटन कोर्ट का किया निरीक्षण, खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने का दिया निर्देश

खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं खेल आधारभूत संरचनाओं के उन्नयन पर दिया विशेष जोर।

रोहतास, 30 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा ने आज खेल भवन, व्यायामशाला (जिम), बैडमिंटन कोर्ट एवं ओपन जिम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल भवन में उपलब्ध सुविधाओं, खेल गतिविधियों तथा विभिन्न खेल आधारभूत संरचनाओं के संचालन एवं रखरखाव की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने व्यायामशाला एवं बैडमिंटन कोर्ट की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए इनके उन्नयन एवं आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिम, बैडमिंटन कोर्ट तथा ओपन जिम की सुविधाओं को और विकसित किया जाए। खेल परिसरों में उपलब्ध उपकरणों एवं अन्य संसाधनों को व्यवस्थित और उपयोगी बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने जिले के विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों, उनकी उपलब्धियों, प्रशिक्षण की व्यवस्था तथा खेल के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी लेते हुए कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

जिलाधिकारी ने जिला खेल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले में निर्मित सभी खेल आधारभूत संरचनाओं एवं खेल परिसरों से संबंधित समस्याओं और आवश्यकताओं को चिह्नित कर सूचीबद्ध करें। प्रत्येक खेल परिसर में उपलब्ध सुविधाओं, उपकरणों, रखरखाव तथा आवश्यक सुधार से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जा सके।

उन्होंने नगर निगम को भी व्यायामशाला एवं ओपन जिम के समुचित रखरखाव, साफ-सफाई तथा उपकरणों के नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं का नियमित रखरखाव आवश्यक है, जिससे आम नागरिकों एवं खिलाड़ियों को इनका समुचित लाभ मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए खेल आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ एवं सुविधायुक्त बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त एवं जिला खेल पदाधिकारी उपस्थित थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट