मशहूर "सासाराम अपहरण कांड" के त्वरित उद्भेदन और उत्कृष्ट अनुसंधान के लिए IPS आशीष भारती को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 31, 2026
- 2 views
रोहतास।सासाराम के व्यवसायी मुन्ना चौधरी की दो दिनों में सकुशल बरामदगी और 10 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में अहम रही थी तत्कालीन रोहतास एसपी के नेतृत्व में पुलिस की कार्रवाई।
रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक और वर्तमान में CRPF में DIG आशीष भारती को ‘केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक–2026’ से सम्मानित किया गया है। यह राष्ट्रीय सम्मान उन्हें सासाराम के चर्चित व्यवसायी मुन्ना चौधरी अपहरण कांड के सफल उद्भेदन और उत्कृष्ट पुलिस अनुसंधान के लिए प्रदान किया गया है।
5 मार्च 2022 को व्यवसायी मुन्ना चौधरी का अपहरण हुआ था। तत्कालीन एसपी आशीष भारती के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 मार्च को कुदरा से उन्हें सकुशल बरामद कर लिया था। इस दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय और अंतरजिला अपहरण गिरोह का भी पर्दाफाश किया था।
मामले में प्रभावी अनुसंधान और अभियोजन पक्ष की पैरवी के बाद न्यायालय ने गिरोह के 10 अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। प्रत्येक दोषसिद्ध अभियुक्त पर 51,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
यह सम्मान पुलिस कार्रवाई, अनुसंधान और न्यायिक प्रक्रिया के बीच प्रभावी समन्वय की एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। आशीष भारती की इस उपलब्धि को लेकर रोहतास जिले में भी गौरव का माहौल है।


रिपोर्टर