कार्यपालक सहायकों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों की प्रतिनियुक्ति रद्द, डीएम का सख्त आदेश जारी!
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 31, 2026
- 2 views
रोहतास ।जिले में पंचायत कार्यालयों में पदस्थापित कार्यपालक सहायकों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों को लेकर जिला पदाधिकारी ने बड़ा आदेश जारी किया है।
समाहरणालय, रोहतास (सासाराम) के जिला पंचायत कार्यालय से 31 अक्टूबर 2026 को जारी पत्रांक 3696/पं० के माध्यम से सभी कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया गया है कि पंचायत स्तर पर पदस्थापित कार्यपालक सहायकों एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों का अन्य कार्यालयों में किया गया प्रतिनियोजन तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाए।
आदेश के अनुसार, विभागीय अनुमति के बिना किसी भी कार्यपालक सहायक या डाटा एंट्री ऑपरेटर का स्थानांतरण नहीं किया जाएगा। जिला स्तर से अन्य कार्यालयों में की गई प्रतिनियुक्तियों को भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
साथ ही, अब संबंधित कर्मियों का मानदेय भुगतान उनके मूल पदस्थापन स्थल यानी प्रखंड अथवा ग्राम पंचायत कार्यालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही किया जाएगा।
यह आदेश बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के अपर सचिव के पत्रांक 14540/पं०रा०, दिनांक 13 अक्टूबर 2026 के आलोक में जारी किया गया है।


रिपोर्टर