एसडीएम और एसडीपीओ ने भलुनीधाम महोत्सव का अधिकारियों के साथ लिया तैयारियों का जायजा
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 02, 2026
- 9 views
रोहतास। 14 नवंबर को आयोजित होने वाले भलुनीधाम महोत्सव एवं छठ पूजा की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और दुकानों के सुव्यवस्थित संचालन को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में सोमवार की शाम अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंधु शेखर सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ भलुनीधाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर विनय कुमार, अंचलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, दिनारा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिन्हा तथा नटवार थानाध्यक्ष रंजय कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। इस दौरान वीआईपी और आम श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए अलग-अलग रूट चार्ट तैयार करने, वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थल निर्धारित करने तथा भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। प्रशासन का जोर इस बात पर रहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और पूरा आयोजन सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।एसडीएम दिलीप कुमार ने मंदिर के सामने संचालित दुकानों को हटाकर निर्धारित नए स्थल पर व्यवस्थित करने की योजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हाई मास्क लाइट लगाने के लिए चयनित स्थल का जायजा लिया तथा चेंजिंग रूम के निर्माण कार्य की प्रगति देखी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को पर्याप्त रोशनी और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।इससे पहले सोमवार को अंचलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने भलुनीधाम पहुंचकर दुकानों के लिए निर्धारित नए स्थल पर दिनभर नंबरिंग कराने का कार्य पूरा कराया। वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार दुकानों को उनकी प्रकृति के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्थित किया जा रहा है। इसके तहत पूजा-पाठ की सामग्री और प्रसाद बेचने वाली दुकानों को मंदिर के समीप किनारे निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा। वहीं, खानपान एवं जनरल स्टोर की दुकानों को मंदिर से दूर, सरना की ओर से भलुनीधाम आने वाली सड़क के किनारे, मुख्य सड़क से हटकर व्यवस्थित किया जाएगा।प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मंदिर के सामने अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था को कम करना, आवागमन सुगम बनाना तथा श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के दौरान बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। दुकानों के लिए स्थान चिह्नित करने और नंबरिंग का कार्य पूरा होने के बाद उन्हें व्यवस्थित ढंग से शिफ्ट करने की प्रक्रिया को गति दी जा रही है।भलुनीधाम महोत्सव की तैयारियों को लेकर विभिन्न स्तरों पर चल रही प्रशासनिक सक्रियता से स्पष्ट है कि इस बार सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अब निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करना प्रशासन के सामने प्रमुख चुनौती है, ताकि महोत्सव और छठ पूजा के अवसर पर भलुनीधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


रिपोर्टर