डीएम के निर्देश पर छापेमारी 5.85 लाख का सोनपापड़ी बरामद


संवाददाता पारस नाथ दुबे


 डेहरी रोहतास।जिलाधिकारी के निर्देश पर डिहरी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10,080 किलोग्राम सोनपापड़ी जब्त; लगभग 5.75 लाख रुपये मूल्य का खाद्य पदार्थ जब्त।


खाद्य प्रतिष्ठानों में अनियमितता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर प्रशासन सख्त, जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए।


रोहतास जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।


इसी क्रम में आज अनुमंडल पदाधिकारी, डिहरी के नेतृत्व में डिहरी के जक्की बिगहा स्थित रोहित इंटरप्राइजेज के दो खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। संबंधित प्रतिष्ठान में बिना वैध लाइसेंस के बड़े पैमाने पर सोनपापड़ी का निर्माण एवं भंडारण किया जा रहा था।


जांच के दौरान उक्त प्रतिष्ठान से बड़ी मात्रा में सोनपापड़ी बरामद की गई, जिस पर बैच नंबर, निर्माण एवं समाप्ति तिथि (Expiry Date) तथा अन्य आवश्यक जानकारी अंकित नहीं थी। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा कुल 10,080 किलोग्राम सोनपापड़ी, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 5,75,000 रुपये है, जब्त कर लिया गया। जब्त खाद्य सामग्री का नमूना लेकर गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।


इसके अतिरिक्त, रोहित इंटरप्राइजेज के दूसरे खाद्य प्रतिष्ठान की भी जांच की गई। वहां उपलब्ध घी की गुणवत्ता को लेकर मिलावट की आशंका उत्पन्न होने पर उसका नमूना भी संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है।


खाद्य पदार्थों के दोनों नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।


जिलाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा ने खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि जिले में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री से जुड़े प्रतिष्ठानों की नियमित रूप से जांच सुनिश्चित की जाए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। त्योहारों के अवसर पर विशेष रूप से मिठाई, घी, तेल एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखी जाए तथा मिलावटी, असुरक्षित एवं मानकविहीन खाद्य सामग्री के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए।


जिला प्रशासन रोहतास आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट