बिक्रमगंज उपकारा में सुबह-सुबह प्रशासन का एक्शन, एसडीओ और एसडीपीओ ने की सघन तलाशी; सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


रोहतास। जिले के उपकारा बिक्रमगंज की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा जेल के भीतर अनुशासन और विधि-व्यवस्था की स्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन ने सुबह-सुबह सख्त निगरानी अभियान चलाया। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिक्रमगंज ने संयुक्त रूप से पूरे दल-बल के साथ उपकारा का सघन एवं औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई के दौरान कारा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों की स्थिति तक विभिन्न पहलुओं की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उपकारा के विभिन्न वार्डों, बैरकों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का बारीकी से जायजा लिया। बंदियों के रहने की व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी इंतजाम और कारा परिसर में प्रतिबंधित अथवा आपत्तिजनक सामग्रियों की मौजूदगी को लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

तलाशी में नहीं मिली कोई प्रतिबंधित सामग्री

औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को किसी प्रकार की अनियमितता या सुरक्षा व्यवस्था में खामी नहीं मिली। वहीं, सघन तलाशी के क्रम में कोई भी प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने कारा प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीओ एवं एसडीपीओ ने कारा परिसर में नियमित निगरानी रखने, सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने तथा किसी भी संभावित चूक को गंभीरता से लेने पर जोर दिया।

अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उपकारा की सुरक्षा, बंदियों की निगरानी और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि कारा परिसर में सुरक्षा और अनुशासन की व्यवस्था हर हाल में कायम रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट