19 साल पुराने हेरोइन तस्करी मामले में आरोपी को 2 साल 3 माह की सजा, 25 हजार जुर्माना
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 27, 2026
- 1 views
नगर पंचायत मोहनियां के स्टूवरगंज स्थित आवास से 70 ग्राम हेरोइन हुई थी बरामद, विशेष NDPS न्यायालय ने सुनाया फैसला
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:--जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र से जुड़े करीब 19 साल पुराने हेरोइन बरामदगी मामले में विशेष एन डी पी एस न्यायालय ने अभियुक्त को दोषी करार देते हुए दो वर्ष तीन माह की कारावास और 25 हजार रुपये आर्थिक दंड की सजा सुनाई है। जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर अभियुक्त को तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनियां थाना कांड संख्या 210/2007 के अभियुक्त फिरोज खां, पिता सलीम खां, निवासी स्टूवरगंज, मोहनिया को NDPS एक्ट की धारा 21(b) के तहत दोषी पाया गया। माननीय न्यायालय ADJ-III सह विशेष न्यायाधीश NDPS विनय प्रकाश तिवारी ने 27 नवंबर 2026 को यह सजा सुनाई। विशेष लोक अभियोजक मिथिलेश कुमार सिंह के अनुसार, 10 अगस्त 2007 को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अभियुक्त के स्टूवरगंज स्थित आवास पर छापेमारी की थी। इस दौरान घर से कुल 70 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। पुलिस ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर मामले में अनुसंधान पूरा करने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित किया था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य, अभियोजन पक्ष की गवाही और विधि विज्ञान प्रयोगशाला, बिहार पटना की रिपोर्ट के आधार पर न्यायालय ने अभियुक्त को दोषी करार दिया। इस मामले में अभियुक्त को सजा दिलाने में विशेष लोक अभियोजक मिथिलेश कुमार सिंह की भूमिका सराहनीय रही।


रिपोर्टर