गैस सिलेंडर में आग लगने पर घबराएं नहीं, सूझबूझ से पाएं काबू: अग्निशमन अधिकारी सुनीति कुमारी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 27, 2026
- 1 views
रोहतास ।घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर से होने वाली आगजनी की घटनाओं को रोकने और आम लोगों, विशेषकर महिलाओं को जागरूक करने के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में सासाराम की अग्निशमन अधिकारी सुनीति कुमारी ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि रसोई में काम करते समय सतर्कता और सही जानकारी से किसी भी बड़े हादसे को टाला जा सकता है।
अग्निशमन अधिकारी सुनीति कुमारी ने कहा कि भारतीय समाज में रसोई का मुख्य कार्य महिलाएं ही संभालती हैं और दैनिक जीवन में एलपीजी गैस का उपयोग हर घर में होता है। ऐसे में महिलाओं का अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि कभी दुर्भाग्यवश गैस सिलेंडर या पाइप में आग लग जाए, तो सबसे पहले मन से डर निकालना जरूरी है। अक्सर लोग आग देखते ही घबरा जाते हैं और घर छोड़कर भागने लगते हैं, जिससे आग विकराल रूप ले लेती है।
सुनीति कुमारी ने स्पष्ट किया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और साहस से काम लेना चाहिए। यदि शुरुआती स्तर पर ही सही तरीके से प्रयास किया जाए, तो गैस की आग पर बेहद आसानी से और कुछ ही सेकंडों में काबू पाया जा सकता है। विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों और मॉक ड्रिल के माध्यम से महिलाओं को यही व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है कि वे बिना डरे तत्काल आग बुझाने के उपाय अपनाएं।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे रसोई में हमेशा सुरक्षा मानकों का पालन करें। गैस की गंध आने पर बिजली के स्विच ऑन या ऑफ न करें, तुरंत खिड़की-दरवाजे खोल दें और रेगुलेटर बंद कर दें। साथ ही, किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 101 या 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके। अग्निशमन विभाग का उद्देश्य हर घर को सुरक्षित बनाना है, जिसमें महिलाओं की जागरूकता सबसे अहम कड़ी है।


रिपोर्टर