दुल्हन के मेकअप पर दूल्हे के जीजा ने कर दिया कमेंट, दुल्हन ने शादी से किया इंकार

जौनपुर: (रविशंकर मिश्रा)

दुल्हन के मेकअप को लेकर लड़के के बहनोई द्वारा खड़े किए गए सवाल के बाद मचे हंगामे के बीच दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। जिसके चलते दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बारात को लेकर बैरंग वापस लौटना पड़ा।

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के जैतीपुर के लालपुर बड़ा गांव में बदायूं जिले के सराय पिपरिया से बारात आई थी। वधू पक्ष की ओर से बारातियों का स्वागत करते हुए नाश्ता आदि कराया गया। द्वारचार की रस्म के बाद दूल्हे के बहनोई ने शराब के नशे में टल्ली होकर हाथों में मेहंदी लगाते हुए दुल्हन का जोड़ा पहन कर बैठी दुल्हन के मेकअप को लेकर कोई टिप्पणी कर दी। आरोप है कि वह इस दौरान गाली गलौज करने लगा। दूल्हे का बहनोई होने के चलते सभी ने उसे समझा- बुझाकर शांत करा दिया। रात्रि में विवाह की अन्य रस्में अदा की गई। अग्नि के सात फेरों से पहले वर पक्ष से दुल्हन को सजाने के लिए कपड़े और जेवरात आदि मांगे गए तो लड़के के परिजनों ने हाथ खड़े करते हुए कपड़े और जेवर देने से इंकार कर दिया। 

ऐन मौके पर वर पक्ष की ओर से कपड़े और जेवर नहीं दिए जाने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बात आगे बढ़ी तो वह मारपीट की नौबत तक पहुंच गई। दूल्हे के बहनोई ने एक बार फिर से आग में घी डालने का काम करते हुए कोई ऐसी टिप्पणी कर दी जिससे दोनों पक्षों के बीच खटास पैदा हो गई। उसने लड़की पक्ष के लोगों को धमकी दे डाली और दुल्हन के बारे में भी अपशब्द कहे। दूल्हे के बहनोई की यह हरकत दुल्हन को नागवार गुजरी और उसने शादी करने से इंकार कर दिया। शादी में विघ्न पड़ने पर सवेरे लड़की वालों ने थाने में तहरीर दी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस दूल्हे समेत अन्य लोगों को हिरासत में लेते हुए उन्हें थाने ले आई। काफी देर तक दोनों पक्षों में सुलह समझौते की बातचीत चली। बाद में पुलिस और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में वर और वधू पक्ष के बीच फैसला कराया गया। जिसके नतीजतन बारात बिना दुल्हन के ही बैरंग वापस लौट गई। 

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सहरावत ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला था। लड़की और लड़के वालों ने फैसला कर लिया है। बारात बगैर दुल्हन लिए ही वापस लौट गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट