
सीमा के माता - पिता ने जमुई डीएम के प्रति जताया आभार
- Lalu Yadav, Reporter Jharkhand/Bihar
- Jul 09, 2022
- 441 views
जमुई चकाई से मनोज कुमार यादव की रिपोर्ट
जमुई।। जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत फतेहपुर गांव निवासी खिरन मांझी और बेबी देवी की दिव्यांग सुता 10 वर्षीय सीमा कुमारी को कानपुर स्थित एलिम्को ने आधुनिक कृत्रिम गोड़ लगा दिया है। आधुनिक कृत्रिम पांव लगाने के बाद उसे वहीं पर चलने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीमा बिटिया स्वस्थ , प्रसन्न एवं मुदित भाव से चलन प्रशिक्षण ले रही है। कयास लगाया जा रहा है कि वह प्रशिक्षणोंपरांत फुदकने की जगह बेझिझक दौड़ेगी और पढ़ाई पूरा कर जमुई के साथ बिहार का परचम देश - दुनिया में लहराएगी। दिव्यांग सीमा के माता - पिता ने इस अमिट और अमूल्य सहयोग के लिए जमुई डीएम के प्रति हृदयतल से आभार जताया है और उनके स्वस्थ एवं स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।
डीएम अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि सीमा को आधुनिक कृत्रिम पैर के साथ चलन प्रशिक्षण मुफ्त में दिया जा रहा है। उसे और उसके माता - पिता को आवासन के साथ आवागमन की सुविधा भी मुफ्त में मुहैया कराई गयी है। सीमा के लिए जिला प्रशासन हर मामले में सजग और सचेत है।
सर्वविदित है कि दिव्यांग सीमा तृतीय वर्ग की छात्रा है। बीते दिनों पढ़ाई के लिए जोश और जुनून दिखाने वाली सीमा बिटिया फुदक - फुदक कर विद्यालय जाने के लिए सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी। जिलाधिकारी ने उसकी प्रतिभा के साथ उसके लगन को सलाम करते हुए उसे पठन - पाठन सामग्री , टैबलेट , सहायक कृत्रिम उपकरण , प्रोत्साहन राशि के साथ अन्य वांछित सुविधा उपलब्ध कराया था। डीएम की खास पहल पर भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) कानपुर ने उसे उक्त सभी सुविधाओं के अलावे बेहतर गुणवत्ता वाला कृत्रिम पैर मुफ्त में लगाने का ऐलान किया था। अब एलिम्को ने अपनी घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए उसे देय सुविधा मुहैया करा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि एलिम्को ने सीमा और उसके अभिभावक के आने - जाने और आवासन के इंतजाम का जिम्मा लिया है। उसे और उसके माता - पिता को सभी सुविधाएं मुफ्त में मुहैया कराई जा रही है। श्री सिंह ने आने वाले दिनों में सीमा जैसी अन्य दिव्यांगों का भी भला किए जाने का संकेत दिया।
उधर सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक सूरज कुमार ने दिव्यांग बिटिया सीमा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह जमुई लौट कर अपने आधुनिक कृत्रिम पैरों के सहारे चलकर नया इतिहास रचेगी। उन्होंने उसे जिला प्रशासन के सौजन्य से हर संभव सुविधा मुहैया कराए जाने की बात कही।
इधर जमुई जिला में डीएम अवनीश कुमार सिंह दिव्यांग सीमा को मानवीयता के आधार पर मदद कर लोगों की जुबान पर हैं। जिलावासी उनके सहृदयता से अभिभूत हैं। आमजन जिलाधीश को अपना अभिभावक और शुभचिंतक मानकर उनकी प्रसंशा कर रहे हैं।
रिपोर्टर