सिपाही भर्ती के लिए दौड़ रहे युवकों को ट्रक ने रौंदा, 2 की मौत; एक घायल


रोहतास। जिले के संझौली थाना क्षेत्र सासाराम-आरा स्टेट हाइवे पर मंगलवार सुबह बेकाबू ट्रक की चपेट में आने दो युवकों की मौत हो गई है। तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। तीनों युवक सेना बहाली में शामिल होने के लिए फिजिक्ल तैयारी को लेकर सुबह अपने घर से दौड़ने निकले थे। तभी बेकाबू ट्रक की चपेट में आ गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। मृतकों में सोनी गांव निवासी अनिल कुमार सिंह का पुत्र 23 वर्षीय दीपक कुमार एवं राजपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी जयराम सिंह का पुत्र 24 वर्षीय सतेंद्र कुमार शामिल हैं। सत्येंद्र अपने नाना के घर सोनी गांव में रहकर तैयारी कर रहा था। जबकि, घायल युवक सोनी गांव के ही रविंद्र सिंह का पुत्र  प्रिंस कुमार बताया जाता है। जिसका इलाज विक्रमगंज के निजी ​अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। घटना के आक्रोशित लोगों ने सासाराम आरा पथ पर शव के साथ सड़क जाम कर दिया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची संझौली थाना की पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। लोग उच्च अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंची बीडीओ प्रभा कुमारी और सीओ किशोर पासवान ने लोगों को घायल का इलाज की व्यवस्था व मृतकों के मुआवजे का आश्वासन दिया, तब जाकर सड़क जाम खत्म हुआ।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट