डीएम ने भारतमाला परियोजना के पीएनसी कैंप का किया औचक निरीक्षण, दिए निर्देश
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jun 04, 2025
- 166 views
कैमूर - नवपदस्थापित जिलाधिकारी सुनील कुमार ने योगदान देने के दूसरे ही दिन भारत सरकार की अति-महत्वाकांक्षी "भारतमाला परियोजना" की प्रगति का जायजा लेने हेतु परियोजना साइट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे पीएनसी कैंप पहुंचे और परियोजना कार्यों की वस्तुस्थिति की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर्मियों से सीधा संवाद स्थापित किया और कार्य प्रगति से संबंधित जानकारी प्राप्त की। साथ ही, मौके पर उपस्थित भू अर्जन पदाधिकारी एवं अपर भू अर्जन पदाधिकारी से साइट प्लान, कार्य प्रगति तथा अब तक की उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने चैनपुर एवं भगवानपुर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की तथा उन स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया, जहाँ कार्य प्रगति पर है अथवा जिन स्थलों की नापी एवं अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर बल दिया कि भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूर्ण पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ की जाएं, जिससे किसानों एवं स्थानीय नागरिकों को कोई असुविधा न हो।


रिपोर्टर