कार्यालय परिचारी परीक्षा हेतु सभी तैयारियाँ पूर्ण, 11 मई को होगी परीक्षा
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 08, 2025
- 135 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर/भभुआं- - बिहार कर्मचारी चयन आयोग, पटना द्वारा कार्यालय परिचारी पद हेतु आयोजित प्रारंभिक परीक्षा 11 मई 2025, रविवार को एक पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक होगी। कैमूर जिले में इस परीक्षा के सफल आयोजन हेतु कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में कुल 68,06 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जॉइंट ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इसमें सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक, हॉल सुपरिटेंडेंट, उड़न दस्ते के अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता, समयपालन एवं परीक्षा नियमों के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की भीड़ को देखते हुए केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने उड़न दस्ते को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से यह निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा केंद्र के भीतर और बाहर कड़ी निगरानी रखी जाए। पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के चारों ओर पर्याप्त संख्या में बल तैनात करने को कहा गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम डेढ़ घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें एवं किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच आदि साथ लाने से परहेज करें। यह परीक्षा बिहार कर्मचारी चयन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जाएगी।


रिपोर्टर