विकसित भारत की परिकल्पना में बिहार की भूमिका अग्रणी -सीएम सम्राट


रोहतास।बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में बिहार की भूमिका अग्रणी रहेगी। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में चहुंमुखी विकास हो रहा है और देश की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है।श्री चौधरी आज बड नगर गुजरात से वाराणसी जाने वाले सेवा संकल्प यात्रा कार्यक्रम में रोहतास जिले के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के देव मंगल सभागार में युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के सेवा के पच्चीस वर्ष पुरा होने के उपलक्ष्य में उनके जन्म भूमि से लेकर कर्मभूमि तक आयोजित यात्रा कार्यक्रम का समापन कल वाराणसी में होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में विकास को गति, रोजगार सृजन, सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण तथा अपराध पर अंकुश को प्राथमिकता के तौर पर रख कर काम किया जा रहा है। युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार के युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय की कुंजी युवा शक्ति के हाथों में है। कार्यक्रम को संगठन मंत्री भीखु भाई दलसानियां, खजुराहो से सांसद ब्रह्म दत्त शर्मा, पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह, बिहार सरकार की मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह आदि ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री का स्वागत औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर किया। कार्यक्रम का संचालन भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जीतेन्द्र सिंह ने किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट