78.400 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार, पुलिस को देखकर भागे तो दौड़ाकर पकड़े गए

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट


कैमूर-- जिले के चैनपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 78 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 46 हजार 590 रुपये नकद और एक बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र के बघेला गांव से करीब 300 मीटर दूर सिवान में गांजा बिक्री के लिए छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद भभुआ एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो एक पेड़ के नीचे काले रंग के बड़े तिरपाल के पास दो व्यक्ति बैठे मिले। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपित के पास से 46 हजार 500 रुपये और दूसरे के पास से 90 रुपये बरामद हुए। इसके बाद तिरपाल की तलाशी लेने पर उसके नीचे छिपाकर रखा गया 78 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पानापुर धर्मपुर गांव निवासी रविंद्र चौरसिया के पुत्र मंटू चौरसिया और चैनपुर थाना क्षेत्र के बघेला गांव निवासी राम सनेही सिंह के पुत्र घनश्याम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा, नकदी और बाइक को जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट