एटीएम काटकर कैश चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, हरियाणा के मेवात से दो गिरफ्तार


रोहतास ।जिले के कोचस और सासाराम नगर थाना क्षेत्रों में एटीएम मशीन काटने की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है। इस मामले में हरियाणा के मेवात जिले के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल उजले रंग की बोलेरो गाड़ी भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों ने बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में भी एटीएम मशीन काटने की घटना में संलिप्तता स्वीकार की है।रोहतास पुलिस की ओर से तीन नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोचस थाना कांड संख्या 152/26, दिनांक 14 जून 2026 तथा सासाराम नगर थाना कांड संख्या 744/26, दिनांक चार अक्टूबर 2026 के अनुसंधान के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। जांच के क्रम में दोनों मामलों में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा के नूंह (मेवात) जिले के नूंह सदर थाना क्षेत्र के वैसी गांव निवासी 35 वर्षीय मुकीम, पिता गफूर खां तथा नूंह जिले के सदर तावड़ू थाना क्षेत्र के पटुका साहसला गांव निवासी 32 वर्षीय मुनफेद, पिता हबीब के रूप में हुई है।


बक्सर में भी एटीएम काटने की बात स्वीकारी


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ के दौरान बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में भी एटीएम मशीन काटने की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इससे इस गिरोह की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।


वारदात में प्रयुक्त बोलेरो बरामद


पुलिस ने घटनाओं में इस्तेमाल उजले रंग की बोलेरो गाड़ी बरामद की है। प्रेस विज्ञप्ति में वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर स्पष्ट नहीं है। रोहतास पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ और आगे के अनुसंधान के आधार पर अन्य जानकारियां जुटाने में लगी है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट