दस एकड़ में फैले पोखरे को पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित -डीएम


रोहतास। जिले के करगहर प्रखंड क्षेत्र के ठोरसन ग्राम पंचायत के सीढ़ी गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय को उत्क्रमित कर मध्य विद्यालय का दर्जा दिया जाएगा। वहीं, गांव के करीब दस एकड़ क्षेत्र में फैले प्राचीन पोखरे का जीर्णोद्धार कर उसे रमणीक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।मंगलवार को सीढ़ी गांव में आयोजित विकास शिविर के उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि ठोरसन ग्राम पंचायत में कुल 11 गांव शामिल हैं। इनमें ठोरसन, गर्भे और खरहरी में ही मध्य विद्यालय संचालित हैं, जबकि पांच गांवों में प्राथमिक विद्यालय हैं। सीढ़ी गांव के बच्चों को उच्च प्राथमिक शिक्षा के लिए होने वाली परेशानी और ग्रामीणों की मांग को देखते हुए यहां के प्राथमिक विद्यालय को मध्य विद्यालय में उत्क्रमित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय को इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा प्राचीन पोखरा

डीएम ने कहा कि सीढ़ी गांव के प्राचीन पोखरे का योजनाबद्ध तरीके से जीर्णोद्धार कराया जाएगा। पोखरे के चारों ओर छठ व्रतियों के लिए घाट का निर्माण, प्रकाश व्यवस्था और सुबह टहलने के लिए फुटपाथ बनाया जाएगा। इसके अलावा, परिसर में आकर्षक ढंग से पेड़-पौधे लगाए जाएंगे, ताकि पोखरे को सुंदर और व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। निर्धारित समय पर योजना का कार्य शुरू कराने के लिए उन्होंने उप विकास आयुक्त आकांक्षा आनंद को आवश्यक निर्देश दिए।सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील विकास शिविर में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। सामाजिक सुरक्षा पेंशन और विधवा पेंशन के लाभार्थियों से निर्धारित समय पर केवाईसी कराने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि मोबाइल पर अनजान कॉल, लिंक और संदिग्ध गतिविधियों के कारण लोगों की मेहनत की कमाई ठगी का शिकार हो रही है।शिविर के उद्घाटन के दौरान छात्राओं ने राष्ट्रगीत प्रस्तुत कर जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र कुमार ने अतिथियों का अभिवादन किया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, अंचल अधिकारी पंकज कुमार , राजस्व अधिकारी मनीष कुमार गुरूआ , बीडीओ, बीईओ मनोज कुमार , थानाध्यक्ष रामचंद्र चौपाल सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट