6 लोगों पर लाखों की बिजली चोरी का केस दर्ज

भिवंडी।  भिवंडी शहर के न्यु गौरी पाडा हाफिज नगर इलाके में बिजली चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। जिससे टोरेंट पॉवर कंपनी को करीब ढाई लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। इस मामले में बिजली कंपनी ने 6 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 

पुलिस के मुताबिक टोरेंट पॉवर कंपनी के एक्जीक्यूटिव अधिकारी शिवदास अवदुतराव आंबेगावकर व उनकी टीम ने अप्सरा होटल के नजदीक हाफिज नगर, न्यु गौरीपाडा इलाके में स्थित मकान नंबर 776 के छापा मारा। जहां पर घर में अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया। आरोप है कि इन लोगों ने बिजली मीटर में छेड़छाड़ की और अवैध केबल जोड़कर बिजली की आपूर्ति ली, जिससे टोरेंट पावर को 2,68,537.44 का नुकसान हुआ। बिजली कंपनी की टीम ने निरीक्षण किया, जिसमें बिजली चोरी की पुष्टि हुई। शांतिनगर पुलिस ने इस मामले में अबुसाद एन.अंसारी, पप्पू नबीबुल्लाह, शमीम नबीबुल्लाह अंसारी, शहाबुद्दीन अलाउद्दीन अंसारी, रियाज अहमद अमन और नबीबुल्लाह एस.अंसारी के खिलाफ बिजली अधिनियम 2003 के कलम 135 के तहत बिजली चोरी का केस दर्ज किया है।शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने जानबूझकर और संगठित तरीके से यह कृत्य किया ताकि वे अपने निजी लाभ के लिए बिजली बिल से बच सकें। यह न केवल कंपनी के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है, क्योंकि बिजली चोरी से ना केवल राजस्व हानि होती है, बल्कि सिस्टम की सुरक्षा और स्थायित्व पर भी सवाल उठते है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। टोरेंट पॉवर ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें और बिजली का वैध उपयोग करें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट