राष्ट्रीय लोक अदालत आज, मामलों के निपटारे के लिए 30 बेंच गठित
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 12, 2026
- 11 views
रोहतास ।जिले के सासाराम, बिक्रमगंज एवं डेहरी अनुमंडल स्थित न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होने जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित होने वाली लोक अदालत की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अदालत का मुख्य उद्देश्य आपसी सुलह और समझौते के आधार पर अधिक से अधिक लंबित व प्री-लिटिगेशन मामलों का त्वरित निष्पादन करना है, जिससे आम जनता को लंबे मुकदमों से राहत मिल सके।मामलों की त्वरित सुनवाई और सफल संचालन के लिए पूरे जिले में कुल 30 बेंचों का गठन किया गया है। प्राधिकार से मिली जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक 17 बेंच सासाराम में बनाई गई हैं। इसके अलावा बिक्रमगंज अनुमंडल में 8 और डेहरी में 5 बेंच स्थापित की गई हैं, जहां न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं की मौजूदगी में आपसी सहमति से मामलों को सुलझाया जाएगा।आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष बेंचों की भी व्यवस्था की गई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कुमार कृष्ण देव ने बताया कि वाहनों के ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों के ऑन-द-स्पॉट निपटारे के लिए जिला परिवहन कार्यालय में अलग से 3 बेंच बनाई गई हैं। वहीं बिजली उपभोक्ताओं से जुड़े विवादों और बिल संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए फजलगंज स्थित विद्युत कार्यालय में एक विशेष बेंच का गठन किया गया है। सचिव कुमार कृष्ण देव ने बताया कि इस लोक अदालत को सफल बनाने के लिए प्राधिकार द्वारा विभिन्न मामलों से संबंधित लगभग 4,600 नोटिस संबंधित पक्षों को भेजे जा चुके हैं। उम्मीद है कि अधिक-से-अधिक मुकदमों और विवादों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाएगा, जिससे न्यायालयों का बोझ भी कम होगा।


रिपोर्टर