डीएम तथा एसपी ने डेहरी के विभिन्न छठ घाटों का किया स्थलीय निरीक्षण


रोहतास।लोक आस्था के महापर्व छठपूजा के मद्देनजर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुविधा,सुरक्षा तथा सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र और पुलिस अधीक्षक रोहतास ने डेहरी अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने डेहरी स्थित सुधा फैक्ट्री क्षेत्र तथा एनीकट क्षेत्र सहित अन्य प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों के द्वारा घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं छठ पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता,अनुमंडल पदाधिकारी,डेहरी,ओएसडी, अंचल अधिकारी तथा कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर पर्याप्त एवं मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाय,ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके। उन्होंने सभी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था,साफ-सफाई,पेयजल, पहुँच-पथ और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधायें समय से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से छठव्रतियों एवं उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुदृढ़ करने तथा आवागमन के रास्तों को सुगम एवं सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने छठ पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति,भीड़ नियंत्रण तथा यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए छठपूजा से पूर्व सभी तैयारियाँ पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोक आस्था के इस महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर की जा रही तैयारियों का नियमित अनुश्रवण करने तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने का निर्देश दिया,ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण,सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट