चलती बस में लगी आग बस धू धू कर जली
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 24, 2025
- 115 views
रोहतास।राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शिवसागर के पास रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब वाराणसी से सासाराम जा रही सम्राट यात्री बस में अचानक आग लग गई। घटना रामजी इंडेन गैस एजेंसी के समीप हुई।
यात्रियों ने जैसे ही बस के पिछले हिस्से से धुआं उठता देखा, उन्होंने तुरंत चालक को चेताया। चालक ने बिना देर किए बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। यात्रियों के उतरते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही मिनटों में बस धू-धू कर जल उठी।
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान बस का अधिकांश हिस्सा खाक हो गया। स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जुटे रहे।
हालांकि इस हादसे में सभी यात्री सुरक्षित बच गए, लेकिन यह घटना सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी जांच पर गंभीर सवाल उठाती है। विगत दिनों सासाराम में हुए सड़क हादसों ने भी यही दिखाया था कि लोग अक्सर सबक नहीं लेते और सतर्कता की कमी नए हादसों को जन्म देती है।


रिपोर्टर