जिला विकास एवं समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक संपन्न
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 28, 2025
- 113 views
रोहतास ।काराकाट सांसद-सह-अध्यक्ष, "दिशा" राजाराम सिंह की अध्यक्षता में डी०आर०डी०ए० सभागार सासाराम में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में सासाराम के सांसद मनोज कुमार,बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह, विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह, विधान परिषद सदस्य,अशोक कुमार पाण्डेय, विधानसभा सदस्य नोखा अनिता देवी,विधानसभा सदस्य काराकाट,अरूण सिंह, विधानसभा सदस्य सासाराम राजेश कुमार गुप्ता, विधानसभा सदस्य करगहर संतोष कुमार मिश्र,विधानसभा सदस्य दिनारा विजय कुमार मण्डल तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिला पदाधिकारी रोहतास, पुलिस अधीक्षक रोहतास के अलावे अनेक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में जनप्रतिनिधियों को पौधा देकर स्वागत किया गया, फिर गत 08मार्च की कार्यवाही के अनुपालन से सभी माननीय को अवगत कराया गया। अनुपालन प्रतिवेदन के बाद विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी एवं कार्य प्रगति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निदेश दिये गये। बैठक में भारतमाला परियोजना के तहत किसानों को अविलम्ब मुआवजे के भुगतान हेतु चर्चा की गयी और किसानों के साथ अनावश्यक सख्ती नहीं बरतने का सुझाव दिया गया। साथ ही इन्द्रपुरी जलाशय का निर्माण, नहरों का पुनःनिर्माण, एनीकट को धरोहर के रूप में सुरक्षित रखने, दुर्गावती जलाशय में क्षमता के अनुरूप जल भंडारण, दुर्गावती जलाशय के पास सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी की स्थापना, भलुनीधाम में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्थापना, ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा क्रियान्वित प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की गुणवत्ता की जाँच, कब्रिस्तानों की घेराबंदी,एनएच-319 के पास जल जमाव की समस्या के मद्देनजर इसके समाधान इत्यादि पर विशेष रूप से चर्चा की गयी और उपस्थित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिये गये। सांसद,काराकाट-सह-अध्यक्ष, "दिशा" के द्वारा उक्त बैठक में प्रस्तुत सभी विषयों,सुझावों,समस्याओं का संकलन करने एवं अगली बैठक में युक्तिसंगत अनुपालन प्रतिवेदन भेजने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।


रिपोर्टर