राजगढ़ में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, कृष्ण मोहन वर्मा उर्फ बंटी गिरफ्तार

राजगढ़ । राजगढ़ कोतवाली पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने के आरोप में कृष्ण मोहन वर्मा उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही 10 से अधिक पीड़ित थाने पहुंचे और आवेदन देकर करीब 50 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी का खुलासा किया।जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को मंत्रालय और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर बेरोजगार युवाओं को वन विभाग और पशुपालन विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देता था। विश्वास कायम करने के लिए वह कुछ युवाओं को मंत्रालय तक ले गया, जिससे वे उसके प्रभाव में आ गए।सात आवेदकों ने सामूहिक शिकायत में 24.40 लाख रुपए वन विभाग में भर्ती के नाम पर लेने का आरोप लगाया है। इसके अलावा हिनोतिया और नरसिंहगढ़ क्षेत्र के आवेदकों से भी अलग-अलग मद में लाखों रुपए वसूले जाने की बात सामने आई है। आरोपी ने जनवरी 2026 तक पूरी रकम लौटाने का वादा किया था, लेकिन पैसे मांगने पर कथित रूप से धमकियां देने लगा।पुलिस जांच में पता चला कि वर्ष 2021 से आरोपी ने किश्तों में रकम वसूलना शुरू किया। सात लोगों से 24.40 लाख रुपए, हिनोतिया के नागराज से 6.60 लाख, रामबाबू से 3 लाख और नरसिंहगढ़ के आयुष से 3 लाख रुपए लेने के आरोप हैं। वर्ष 2021-22 में भी चार अन्य लोगों से करीब 12 लाख रुपए लिए जाने की जानकारी मिली है। अधिकांश पीड़ितों को 5 जनवरी 2026 तक पैसे लौटाने का आश्वासन दिया गया था।पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट