भिवंडी-वाडा महामार्ग की मरम्मत के लिए 135 करोड़ रुपये स्वीकृत

भिवंडी। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े भिवंडी-वाडा-मनोर मार्ग की मरम्मत के लिए आखिरकार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से इस सड़क के जीर्णोद्धार हेतु 135 करोड़ 30 लाख रुपये की निधि मंजूर कर दी गई है। भिवंडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा ने इस सड़क की दयनीय स्थिति को देखते हुए बार-बार राज्य के सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रसिंह राजे भोसले से मुलाकात कर शीघ्र धनराशि उपलब्ध कराने की मांग की थी। उनके लगातार प्रयासों का ही नतीजा है कि अब इस अहम मार्ग की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है।

गौरतलब है कि भिवंडी-वाडा-मनोर मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। गड्ढों और टूटी सड़क की वजह से इस मार्ग पर कई लोगों की जान तक जा चुकी है। नागरिकों ने कई बार आंदोलन और शिकायतें कीं, लेकिन लंबे समय तक हालात जस के तस बने रहे।सांसद बाल्या मामा ने कहा कि वे कई बार मंत्री से मिले और प्रत्येक बैठक में उन्हें जल्द से जल्द निधि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। अब 135 करोड़ 30 लाख रुपये स्वीकृत होने के बाद जल्द ही मरम्मत का काम शुरू होगा। सांसद ने उम्मीद जताई कि काम पूरा होने पर नागरिकों का सफर आसान और सुरक्षित हो जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट