भिवंडी में अब बैनर बाज नेताओ पर होगी कड़ी कार्रवाई
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 25, 2025
- 280 views
भिवंडी। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका ने शहर की स्वच्छता बिगाड़ने वाले बैनरबाज नेताओं और संगठनों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। आयुक्त एवं प्रशासक अनमोल सागर और उपायुक्त अतिक्रमण विक्रम दराडे़ के आदेश के बाद प्रभाग अधिकारियों ने उड़ान पुलों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध रूप से लगाए जा रहे बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स हटाने की मुहिम तेज कर दी है।
नगर पालिका प्रशासन ने साफ चेतावनी देते हुए कहा है कि मेट्रो कॉलम, उड़ान पुलों के पिलर या अन्य सार्वजनिक जगहों पर बैनर और पोस्टर लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद किसी ने ऐसा किया तो उसके खिलाफ महाराष्ट्र प्रादेशिक नगर योजना एवं प्राधिकरण अधिनियम (MRTP Act) के तहत फौजदारी मामला दर्ज किया जाएगा। प्रशासन ने जगह-जगह चेतावनी भरे बैनर लगाकर आम जनता और राजनीतिक दलों को इस नियम की जानकारी भी दी है।
पिछले कुछ महीनों से शहर में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों द्वारा बैनरबाजी का सिलसिला बढ़ गया था। धार्मिक कार्यक्रमों से लेकर राजनीतिक कार्यक्रम, शादी-ब्याह, जन्मदिन, स्वागत समारोह के नाम पर जगह-जगह बड़े-बड़े पोस्टर लगाए जा रहे थे। इससे न केवल शहर की सुंदरता बिगड़ रही थी, बल्कि स्वच्छता अभियान पर भी पानी फिर रहा था। महापालिका प्रशासन की इस पहल का नागरिकों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि नियमों का उल्लंघन कर बैनरबाजी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है, ताकि शहर साफ-सुथरा और सुंदर दिखाई दे। वहीं नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि आगे से किसॊ भी हाल में सार्वजनिक स्थलों पर अवैध बैनरबाजी बर्दाश्त की जायेगी।


रिपोर्टर