भिवंडी में शुरू हुई ‘एक खिड़की योजना’, अब सभी व्यावसायिक परवाने एक ही जगह से मिलेंगे
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 09, 2025
- 256 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका ने व्यवसायियों और औद्योगिक इकाइयों की सुविधा के लिए ‘एक खिड़की योजना’ (Single Window Scheme) शुरू की है। इस योजना के तहत शहर की सभी व्यावसायिक आस्थापनाओं, कारखानों और गोदामों को अब विभिन्न परवाने और ‘ना हरकत प्रमाणपत्र’ (NOC) एक ही विभाग से प्राप्त होंगे।महानगरपालिका प्रशासन ने बताया कि महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम, 1949 के तहत महानगरपालिका क्षेत्र में कार्यरत हर व्यावसायिक इकाई के लिए ‘ना हरकत प्रमाणपत्र’ और व्यवसाय परवाना लेना अनिवार्य है। इसी प्रक्रिया को आसान और पारदर्शक बनाने के लिए ‘एक खिड़की योजना’ लागू की गई है। योजना के नोडल अधिकारी के रूप में उपआयुक्त (परवाना) की नियुक्ति की गई है। आयुक्त एवं प्रशासक अनमोल सागर ने निर्देश दिए हैं कि परवाना विभाग प्रमुख, नोडल अधिकारी के अधीन रहकर उन सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कारखानों और गोदामों का सर्वे करें, जिन्होंने अभी तक ‘ना हरकत प्रमाणपत्र’ नहीं लिया है या जिनके पास वैध परवाना नहीं है। ऐसे प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इस योजना के तहत अब परवाना, पर्यावरण, अग्निशमन, और मालमत्ता कर से संबंधित सभी प्रकार के आवेदन परवाना विभाग में ही स्वीकार किए जाएंगे। परवाना विभाग के कर्मचारी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से बकाया मालमत्ता कर, पर्यावरण और अग्निशमन शुल्क, तथा परवाना फीस की वसूली एक साथ करेंगे,आयुक्त अनमोल सागर ने शहर के सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे अपने सभी आवेदन ‘एक खिड़की योजना’ के तहत परवाना विभाग में जमा करें ताकि निर्धारित समय सीमा में नियमानुसार उन्हें परवाना प्रमाणपत्र प्राप्त हो सके।


रिपोर्टर