चैनपुर में हथियार के साथ एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने हेतु कैमूर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चैनपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार, 28 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव का निवासी अजीत यादव, जो कई आपराधिक मामलों में पहले से ही आरोपी है, इन दिनों हथियारों से लैस होकर गांव में घूम रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए इसे तुरंत वरीय पुलिस पदाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, पुलिस अधीक्षक, कैमूर ने एक विशेष छापामारी दल का गठन कर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।


गठित टीम ने मंगलवार को रामगढ़ गांव निवासी रामधीन यादव के घर पर दबिश दी। पुलिस की इस औचक कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान अजीत यादव उर्फ सर्वजीत यादव तो अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, लेकिन पुलिस ने उसके भाई सुजीत यादव उर्फ सर्वजीत यादव को धर दबोचा। घर की तलाशी लेने पर पुलिस को 01 एकनाली बंदूक, 01 दोनाली बंदूक और 12 बोर के 05 जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने सभी अवैध हथियारों और गोलियों को जब्त कर लिया है। इस संबंध में चैनपुर थाने में कांड संख्या- 511/25 दर्ज किया गया है, और गिरफ्तार आरोपी सुजीत यादव के खिलाफ आयुध अधिनियम (Arms Act) की धारा 25 (1-b)a, 26 और 35 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, धारा 25 अवैध हथियार रखने से संबंधित है। फरार मुख्य आरोपी अजीत यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सघन छापेमारी कर रही है और विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने विश्वास जताया है कि उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट