भिवंडी तालुका में सरकारी स्कूल भवन निर्माण में करोड़ों का घोटाला, कांग्रेस नेता ने सीआईडी जांच की मांग की

भिवंडी। ठाणे जिला परिषद क्षेत्र के भिवंडी तालुका के अर्जुली गांव में वर्ष 2012-13 में निर्मित उर्दू स्कूल के भवन निर्माण में करोड़ों रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है। ठाणे ग्रामीण कांग्रेस पार्टी के महासचिव पंकज अशोक गायकवाड़ ने इस प्रकरण का पर्दाफाश करते हुए ठाणे जिल्हा परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र भेजकर संबंधित इंजीनियरों, प्रबंधकों और अधिकारियों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस नेता पंकज गायकवाड़ ने अपने पत्र में कहा है कि रतन योजना (2012) के अंतर्गत इस स्कूल का निर्माण 30 वर्ष तक टिकाऊ बताकर किया गया था, लेकिन मात्र 10 वर्ष में ही इमारत जर्जर और अतिधोकादायक घोषित हो गई। उन्होंने कहा कि यदि समाज के कुछ जागरूक नागरिक और समाजसेवी समय पर स्कूल का निरीक्षण नहीं करते, तो यह इमारत कभी भी गिर सकती थी और कई गरीब विद्यार्थियों की जान जा सकती थी।गायकवाड़ ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान संबंधित इंजीनियरों और ठेकेदारों ने गुणवत्ता नियंत्रण और तकनीकी जांच के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया। उन्होंने कहा कि अब वही अधिकारी 11 लाख रुपये की नई मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर पुराने भ्रष्टाचार को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।ठाणे जिल्हा परिषद प्रशासन पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए गायकवाड़ ने कहा कि यह सिर्फ एक स्कूल भवन का मामला नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम में फैली सड़ांध का उदाहरण है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह मामला किसी बड़े हादसे में बदल सकता है।कांग्रेस नेता ने इस प्रकरण में दोषी अधिकारियों और इंजीनियरों के खिलाफ सीआईडी जांच की मांग की है। साथ ही भ्रष्ट अधिकारियों को तत्काल निलंबित कर उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू करने की अपील की है।इस बीच, क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों की शिक्षा पर डाका डालने वाले ऐसे ठेकेदार और अधिकारी जेल भेजे जाने योग्य हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट