प्रेक्षकों एवं जिला पदाधिकारी का निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 02, 2025
- 116 views
रोहतास।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला मुख्यालय सासाराम स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोहतास उदिता सिंह ने की।
बैठक में जिले के सभी 7 विधानसभा क्षेत्रों — सासाराम, डेहरी, काराकाट, बिक्रमगंज, चेनारी, रोहतास तथा नोखा — के रिटर्निंग ऑफिसर, सभी प्रेक्षक (Observers) तथा सभी नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रेक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अब तक की प्रगति, व्यवस्थाओं, प्रशिक्षणों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।
जिलाधिकारी उदिता सिंह ने सभी उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव ही लोकतंत्र की वास्तविक आत्मा है।”
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला प्रशासन का सर्वोच्च लक्ष्य रोहतास जिले में ऐसा माहौल बनाना है जहाँ प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से मतदान कर सके।
उन्होंने सभी रिटर्निंग ऑफिसरों को निर्देशित किया कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, सीसीटीवी निगरानी, वेबकास्टिंग और वीडियोग्राफी की सभी व्यवस्थाएँ समय से सुनिश्चित की जाएँ।
प्रेक्षकों द्वारा यह भी निर्देश दिया गया कि मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण, परिवहन, संचार और सामग्री प्रबंधन के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता तक जागरूकता का संदेश पहुँचना आवश्यक है ताकि जिले में 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता केवल एक अभियान नहीं बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। सभी बीएलओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, शिक्षक, युवा स्वयंसेवक एवं स्थानीय संस्थानों को इस कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
सभी प्रेक्षकों ने भी कहा कि मतदान दिवस पर विशेष रूप से दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, महिला एवं प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाताओं के लिए सुविधा और प्रेरणा के उचित प्रबंध किए जाएँ ताकि वे सहजता से मतदान कर सकें।
बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि भारत निर्वाचन आयोग की सभी मानक प्रक्रियाओं (SOPs), आचार संहिता तथा निर्देश पुस्तिका का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन एवं सभी निर्वाचन प्रकोष्ठों को निर्देशित किया गया कि वे पूर्ण समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
अंत में जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि शांति पूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो।


रिपोर्टर