डीएम ने बैंक अधिकारियों संग विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक किए


रोहतास।जिलाधिकारी ने बैंकिंग अधिकारियों के साथ की विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा, पीएमएफएमई योजना के तहत ऋण स्वीकृति में तेजी लाने का दिया निर्देश

सासाराम(रोहतास) 30 अक्टूबर। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र ने बैंकिंग अधिकारियों के साथ बैठक कर बैंकों के माध्यम से संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना,नाबार्ड की योजनाओं तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा पात्र लाभुकों को ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने में अनावश्यक विलंब न करें।

पीएमएफएमई योजना की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने महाप्रबंधक,जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि बैंकों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों की ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लायें। उन्होंने कहा कि पात्र उद्यमियों के आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के अवसर उपलब्ध कराये जायें। जिलाधिकारी ने कृषि, मत्स्य पालन,पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े लाभुकों को बैंकिंग योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया। इस क्रम में उन्होंने जिला मत्स्य पदाधिकारी तथा जिला पशुपालन पदाधिकारी को भी निर्देश दिया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें विभिन्न बैंकिंग योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु बैंकों के साथ समन्वय स्थापित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य किसानों,उद्यमियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए बैंकिंग अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा,ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित निगरानी करने,लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने तथा ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट