मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत राजगढ़ के मंगल भवन में आयोजित हुआ जनसमस्या निवारण शिविर

विधायक राजगढ़ यादव एवं कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने आवेदको से किया सीधा संवाद, समस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

राजगढ़ । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत राजगढ़ के मंगल भवन में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव एवं कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को लेकर पहुंचे आवेदकों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं को सुनते हुए निराकरण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदनों पर एक-एक कर (वन-टू-वन) चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेकर आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक राजगढ़ श्री यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति एवं प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और आमजन को सुगम एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

 उद्यम संवाद में हितग्राहियों ने साझा किए सफलता के अनुभव

शिविर में उद्यम संवाद का भी आयोजन किया गया। इसमें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। हितग्राहियों ने बताया कि शासन की योजनाओं से आर्थिक एवं अन्य सहायता प्राप्त कर उन्होंने स्वयं के उद्योग-व्यवसाय स्थापित किए हैं और आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। इस दौरान उनके अनुभवों को सुना गया तथा अन्य लोगों को भी स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए प्रेरित किया गया।

 स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को सौंपी गईं रजिस्ट्रियां

कार्यक्रम के दौरान स्वामित्व योजना के अंतर्गत अपने आवासीय मकानों की रजिस्ट्री प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को विधायक राजगढ़ श्री यादव एवं कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा रजिस्ट्रियां सौंपी गईं। योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र में स्थित आवासीय संपत्तियों का अभिलेखीकरण कर हितग्राहियों को उनके मकान का वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

इस अवसर पर स्वामित्व योजना अंतर्गत श्री बनेसिंह, श्री हरिनारायण, श्री प्रेमसिंह, श्री अमृतलाल, श्री अर्जुन, श्री बीरम सिंह तंवर एवं श्री कैलाशचन्द्र सहित अन्य हितग्राहियों को रजिस्ट्रियां सौंपी गईं। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण आबादी क्षेत्र में स्थित आवासीय संपत्तियों का अभिलेखीकरण कर हितग्राहियों को उनके मकानों का वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे संपत्ति पर उनके अधिकारों को दस्तावेजी आधार मिलता है तथा भविष्य में संपत्ति संबंधी कार्यों में सुविधा प्राप्त होती है। शिविर के दौरान प्राकृतिक आपदा में पानी में डूबने से मृत्यु के प्रकरणों में आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की गई। ग्राम मोतीपुरा, राजगढ़ निवासी श्री धन सिंह पिता बिरम सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती कैलाशी बाई की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर अनुविभागीय अधिकारी राजगढ़ द्वारा आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। इसी प्रकार ग्राम आम्बा, राजगढ़ निवासी श्री चन्दर पिता गोकुल की पुत्री राधिका की पानी में डूबने से मृत्यु होने पर न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी राजगढ़ द्वारा आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। ।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट