विशेष निगरानी दल ने 142.17 लाख की जब्त


रोहतास। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रोहतास जिले में विधानसभा आम निर्वाचन-2025 के दौरान स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इस कड़ी में विशेष निगरानी दल  द्वारा जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर विभिन्न अवैध वस्तुओं की जब्ती की जा रही है। अब तक की कार्रवाई में कुल 142.17 लाख की जब्ती की गयी है, जिसमें 20.12 लाख नगद, 29,392.26 लीटर अवैध शराब जिसकी अनुमानित कीमत 108.54 लाख है,4.39 लाख मूल्य के मादक पदार्थ तथा 9.12 लाख मूल्य की फ्रीबीज़ एवं अन्य वस्तुएँ शामिल हैं।

विधानसभावार जब्ती की जानकारी इस प्रकार है-

चेनारी में 16.81 लाख, डेहरी में 21.66 लाख, दिनारा में 10.54 लाख, काराकाट  में 25.74 लाख, करगहर में 18.09 लाख, नोखा में 21.68 लाख तथा सासाराम में 27.64 लाख की जब्ती दर्ज की गयी है। इन कार्रवाईयों में विशेष निगरानी दल,फ्लाइंग स्क्वाड टीम, पुलिस प्रशासन, उत्पाद विभाग एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों ने संयुक्त रूप से तत्परता के साथ कार्य किया है। जिला प्रशासन के निर्देशन में निरंतर नाकाबंदी, वाहनों की जाँच, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने का कार्य जारी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निर्भीक बनाने के लिए प्रशासन हर स्तर पर सख्त कदम उठा रहा है। किसी भी प्रकार की अवैध शराब, नकद वितरण, उपहार या अन्य प्रलोभनों से मतदाताओं को प्रभावित करने वालों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम मतदाताओं से अपील किया है कि वे किसी भी भय या दबाव से मुक्त होकर मतदान करें। प्रत्येक मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। सभी नागरिक 11 नवम्बर 2025 को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर निर्भीक, निःसंकोच एवं गर्व के साथ मतदान करें। उदिता सिंह ने यह भी कहा कि हर वोट की कीमत है, हर वोट से लोकतंत्र मजबूत होता है। प्रशासन की ओर से पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है,ताकि कोई भी मतदाता भयभीत न हो। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी, माइक्रो ऑब्जर्वर एवं आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिला प्रशासन ने आम जनों से यह भी अपील किया है कि यदि किसी को कहीं भी अवैध गतिविधि, शराब वितरण, नकद या उपहार देने जैसी जानकारी मिले तो तुरंत नियंत्रण कक्ष या टोल फ्री नंबर पर सूचना दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट