खाटू श्याम जन्मोत्सव पर उमड़ा श्रद्धा का सागर
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 03, 2025
- 275 views
रातभर गूंजते रहे ‘जय श्री श्याम’ के जयकारे
भिवंडी। कामतघर स्थित ठाकरचा पाड़ा गांव में खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव इस वर्ष भक्तिमय माहौल में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार देर रात से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। देशभर से आए श्याम भक्त ‘हैप्पी बर्थडे बाबा श्याम’ और ‘श्याम तेरी महिमा अपरंपार’ के जयकारों के साथ मंदिर पहुंचे। रात 12 बजे से ही तड़ाली पाइपलाइन क्षेत्र से लेकर खाटू श्याम मंदिर तक भक्तों का कारवां लगातार बढ़ता गया। भक्तों की आस्था का आलम यह रहा कि अंधेरी रात और लंबी दूरी के बावजूद अंजूर फाटा और कामतघर के विभिन्न हिस्सों से हजारों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे। कई स्थानों पर यातायात जाम की स्थिति भी बनी, जिससे श्रद्धालुओं को पैदल ही यात्रा पूरी करनी पड़ी। हालांकि इतने बड़े आयोजन के बावजूद प्रशासनिक तैयारियां नदारद दिखीं। रास्तों पर लाइट की समुचित व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण श्रद्धालु अंधेरे में वाहन और पैदल यात्रा करते दिखाई दिए। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और मंदिर परिसर में देर रात तक भक्ति संगीत और कीर्तन गूंजते रहे।जन्मोत्सव के अवसर पर कामतघर में जनकल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट और दत्त कृपा मित्र मंडल द्वारा विशाल भंडारा आयोजित किया गया। यहां श्रद्धालुओं को फल, रामदाना लड्डू, साबूदाना खीर, दूध और लस्सी का प्रसाद वितरित किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में खाटू श्याम मंदिर समिति के महेंद्र अग्रवाल, पूर्व नगरसेवक श्याम अग्रवाल, समाजसेवी साईनाथ चौधरी, जनकल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष मंगेश यादव, विनोद एनागंदला, टी.सी.सरोज, मनीष यादव, नीतिश दुबे, मुकेश झा, सुभाष पासी तथा दत्त कृपा मित्र मंडल के सुनिल गुप्ता, मदन केशरवानी, सतीश केशरवानी और श्यामलाल केशरवानी सहित कई कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। भक्तों का कहना है कि बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर हर वर्ष भक्ति और सेवा की भावना से जुड़ा यह आयोजन आस्था और एकता का प्रतीक बन गया है।


रिपोर्टर