कैमूर में रंगोली से मतदाता जागरूकता अभियान, लोकतंत्र में भागीदारी का दिया संदेश
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 03, 2025
- 97 views
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- सोमवार को समाहरणालय परिसर में ईस्वीप' (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक भागीदारी) गतिविधि के तहत एक विशेष रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेते हुए अपनी कला के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें मतदान के महत्व के बारे में समझाना था। विद्यार्थियों ने अपनी रंगोलियों में 'मतदान हमारा अधिकार है', '18 वर्ष पूर्ण होते ही वोट करें' और 'लोकतंत्र में भागीदारी' जैसे प्रेरक संदेशों को खूबसूरती से उकेरा। रंगोली के माध्यम से ईवीएम (EVM) मशीन, स्याही लगी उंगली और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतीकों को भी दर्शाया गया, जो लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, कैमूर ने विद्यार्थियों के इस रचनात्मक प्रयास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, "कला एक सशक्त माध्यम है जिससे हम समाज को महत्वपूर्ण संदेश दे सकते हैं।" उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाली ऐसी गतिविधियाँ युवाओं को लोकतंत्र की प्रक्रिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
समाहरणालय परिसर में सजी ये रंग-बिरंगी और संदेशात्मक रंगोलियाँ दिनभर आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बड़ी संख्या में समाहरणालय आए लोगों ने इन रंगोलियों को देखा और विद्यार्थियों की इस अनूठी पहल की प्रशंसा की। यह कार्यक्रम न केवल एक कलात्मक अभिव्यक्ति का मंच बना, बल्कि मतदान के प्रति जन-जागरूकता फैलाने में भी सफल रहा।


रिपोर्टर