सामान्य प्रेक्षक ने एसएसटी चेकपोस्ट का किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है। इसी क्रम में सोमवार को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 204-मोहनिया विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक श्री विश्वनाथ ने मोहनिया-रोहतास सीमा पर स्थापित स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक महोदय ने चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों और कर्मियों से चुनाव आचार संहिता के अनुपालन को लेकर की जा रही कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने वाहनों की जांच प्रक्रिया, नकदी, शराब और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों की रोकथाम के लिए की गई व्यवस्था का जायजा लिया। श्री विश्वनाथ ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखें और हर आने-जाने वाले वाहन की सावधानीपूर्वक जांच सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध सामग्री का परिवहन न हो सके। उन्होंने कहा, "निर्वाचन अवधि में सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है, जिससे नकदी, मादक पदार्थ, उपहार या शराब वितरण जैसी अनियमितताओं पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।" प्रेक्षक ने जांच के दौरान आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक जांच का उचित दस्तावेजीकरण किया जाए और सभी गतिविधियों की दैनिक रिपोर्ट नियंत्रण कक्ष को अनिवार्य रूप से भेजी जाए। अंत में उन्होंने कहा कि स्वच्छ और निष्पक्ष चुनाव कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि टीम के सभी सदस्य पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट