कैमूर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मोहनियां विधानसभा प्रत्याशी संगीता कुमारी के पक्ष में चुनावी सभा को किया संबोधित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 09, 2025
- 54 views
केंद्र व राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से विकास को मिलेगी गति-- राजनाथ
जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- मोहनियां में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया. अपनी खास शैली में जनता से मुखातिब होते हुए राजनाथ सिंह ने भाजपा प्रत्याशी संगीता कुमारी के लिए वोट की अपील की. उन्होंने एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और बिहार के विकास के लिए एक बार फिर भाजपा को मौका देने का आग्रह किया.अपने संबोधन के दौरान राजनाथ सिंह ने पुराने दिनों को याद करते हुए लालू प्रसाद यादव के शासनकाल पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता उस 'जंगल राज' को भूली नहीं है, जहां अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर था. "बहनों और भाइयों, क्या आप उस दौर को भूल सकते हैं? वह जंगल राज का दौर था, जब शाम होते ही लोग घरों से निकलने में डरते थे. अपहरण एक उद्योग बन गया था. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और यहां एनडीए की सरकार ने बिहार को उस खौफ के माहौल से बाहर निकाला है." रक्षा मंत्री ने अपने भाषण में 'ऑपरेशन सिंदूर' का भी जिक्र किया, जिसने हाल ही में काफी सुर्खियां बटोरी थीं. उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन आतंकवाद के खिलाफ भारत की मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतीक है. "मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि जब तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, भारत की सीमाओं की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता. 'ऑपरेशन सिंदूर' ने दुनिया को यह संदेश दे दिया है कि यह नया भारत है, जो छेड़ता नहीं है, लेकिन छेड़ने वाले को छोड़ता भी नहीं है." राजनाथ सिंह ने मोहनिया की जनता से स्थानीय विधायक और भाजपा प्रत्याशी संगीता कुमारी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से विकास की गति और तेज होगी.


रिपोर्टर