एनडीए की विजय संकल्प सभा में उमड़ा जनसैलाब,नीतीश कुमार ने की एनडीए प्रत्याशी को मत देने की अपील, कहा – “अब बिहार में सबकुछ है, मगर जंगलराज नहीं”

अनुमंडल संवाददाता सिगासन सिंह यादव की रिपोर्ट 

भभुआं(कैमूर)-- बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण कि मतदान को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार में पूरी ताकत झोंक दी है। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए नेताओं की जनसभाओं और रोड शो का दौर रविवार पांच बजे तक जारी रहा। इसी कड़ी में रविवार को कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हाटा हाईस्कूल मैदान में एनडीए गठबंधन की ओर से एक भव्य “विजय संकल्प सभा” का आयोजन किया गया। इस सभा में बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार का आगमन हुआ, जिनका लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

सभा स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी। मैदान खचाखच भरा हुआ था और आस-पास की सड़कों पर भी लोगों का जनसैलाब देखने को मिला। मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ स्थानीय नेताओं और एनडीए के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि —

2005 से पहले और 2005 के बाद के बिहार में फर्क सबको दिख रहा है। पहले अंधकार था, भय था, असुरक्षा थी। अब हर गांव में बिजली है, सड़कों का जाल बिछ चुका है, और बिहार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।”

मुख्यमंत्री ने इस दौरान बिहारवासियों के लिए दो बड़े ऐलान किए —

उन्होंने ने कहा बिहार में घरेलू बिजली पूरी तरह से मुफ्त होगी।1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने की योजना जल्द लागू की जाएगी।

नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार जनता के भरोसे पर खरा उतरने का काम कर रही है और आगे भी विकास का यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि —

अब बिहार में सबकुछ है, मगर जंगलराज नहीं है। हमारी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और महिला सशक्तिकरण में जो काम किया है, वह आने वाली

पीढ़ियों को मजबूत नींव देगा।

सभा के अंत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चैनपुर विधानसभा से एनडीए समर्थित जेडीयू प्रत्याशी मोहम्मद जमा ख़ान के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि - चैनपुर में जो विकास हुआ है, वह सबकी आंखों के सामने है। अब इस विकास की रफ्तार को और तेज करने के लिए आप सभी मोहम्मद जमा ख़ान को विजयी

बनाएं और ‘तीर’ निशान पर वोट करें।”


जनसभा में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं का स्वागत तालियों की गड़गड़ाहट से किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट