जिला ‌पदाधिकारी कैमूर को राष्ट्रीय जल मिशन की ओर से प्राप्त हुआ प्रतिष्ठित पुरस्कार

जिला संवाददाता संदीप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर-- जिले के लिए आज गर्व का दिन है, क्योंकि जिला पदाधिकारी, कैमूर को जल संचय जन भागीदारी (JSJB) 1.0 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य हेतु राष्ट्रीय जल मिशन, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान जल संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता तथा जल सुरक्षा को बढ़ावा देने में जिले द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया जा रहा है। राष्ट्रीय जल मिशन की अतिरिक्त सचिव एवं मिशन निदेशक सुश्री अर्चना वर्मा, IAS द्वारा जारी आधिकारिक पत्र में कैमूर सहित अन्य विजेताओं को हार्दिक बधाई दी गई है। पत्र में उल्लेख है कि JSJB 1.0 अभियान के तहत विजेताओं की समर्पित कार्यशैली और जल सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को राष्ट्र स्तर पर सराहा गया है। इस सम्मान को प्रदान करने हेतु राष्ट्रीय जल पुरस्कार समारोह 18 नवम्बर 2025 को प्रातः 10:00 बजे विज्ञान भवन, नई दिल्ली के प्लेनरी हॉल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश की माननीय राष्ट्रपति तथा माननीय जल शक्ति मंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कार प्रदान किया जायेगा।  कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएँ राष्ट्रीय जल मिशन द्वारा की जा रही हैं।


कैमूर जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि को जिले की जनता, जल संरक्षण समितियों, पंचायतों, स्वयंसेवी समूहों और सभी संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम बताया है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि—


“यह सम्मान कैमूर जिले की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हम भविष्य में भी जल सुरक्षा और संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते रहेंगे।”


इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से कैमूर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर चमका है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट