भिवंडी में सड़कों का गैप बना मौत का जाल, प्रशासन की उदासीनता से बढ़ा जनाक्रोश

भिवंडी। भिवंडी शहर में बरसात के बाद सड़कों के किनारों पर बने खतरनाक गैप जानलेवा दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं। स्थिति यह है कि रोजाना दर्जनों लोग इन गड्ढानुमा गैप में फिसलकर घायल हो रहे हैं, जबकि कई लोगों की अब तक मौत भी हो चुकी है। लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं के बावजूद मनपा प्रशासन की चुप्पी और कार्रवाई न करना शहरवासियों के गुस्से का कारण बन गया है,शहर के कल्याण नाका से नदीनाका, कल्याण रोड सहित अधिकांश मार्गों पर बरसात के दौरान डामर और आरसीसी सड़कों के किनारे की मिट्टी बह जाने से गहरे गैप बन गए हैं। इन गैपों में बाइक सवार अक्सर फिसलकर सड़क पर गिर जाते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरसीसी सड़क के किनारे बना यह गैप सबसे ज्यादा खतरनाक है, जहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि कई बार मांग करने के बावजूद प्रशासन मरम्मत के लिए तत्पर नहीं दिख रहा है।

15 अक्टूबर को साईबाबा मंदिर के पास ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 20 वर्षीय राज रंजन सिंह की मौत हो गई। वह रात में अपने दोस्त के साथ बाइक से राजनोली की ओर जा रहा था, तभी सड़क के बीच बने गैप में संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। उसका दोस्त गैप के दूसरे हिस्से में गिरने के कारण बच गया। इससे पहले भी बंजारपट्टी क्षेत्र में सड़क किनारे बने गैप के कारण फिसलकर कंटेनर की चपेट में आने से एक डॉक्टर की मौत हो चुकी है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रोजाना सड़कों पर दर्जनों बाइक सवार घायल हो रहे हैं, परंतु मनपा प्रशासन अभी तक प्रभावी कदम उठाने में नाकाम रहा है। लोगों ने मनपा आयुक्त अनमोल सागर से सीधे सवाल किया है—“और कितनी जानें जाने के बाद सड़क मरम्मत का काम शुरू होगा?”

मनपा के शहर अभियंता जमिल पटेल का कहना है कि बारिश के दौरान गैप भरने में तकनीकी कठिनाइयाँ थीं। उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद पांचों प्रभागों में अलग-अलग ठेकेदारों को सड़क मरम्मत का काम सौंप दिया गया है और गैप भरने का काम शुरू भी हो चुका है। उनका दावा है कि जल्द ही शहरवासियों को इस समस्या से राहत मिल जाएगी। शहर में बढ़ती दुर्घटनाओं और प्रशासन की लापरवाही ने भिवंडी के नागरिकों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। लोग अब तत्काल और ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि और किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट