विभिन्न दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत दो महिलाएं घायल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 20, 2025
- 180 views
संवाददाता श्याम सुंदर पांडेय की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)-- थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरैत घाट मार्ग कल्याणपुर पावर हाउस के उत्तर तरफ ग्राम कल्हनुआ मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, मृतक की पहचान दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी गांव के अक्षय राम पिता रामदयाल राम के रूप में की गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रशासन द्वारा शव का पंचनामा कर अंत्य परीक्षण हेतु सदर अस्पताल भभुआं भेजा गया। वही दूसरी दुर्घटना थाना क्षेत्र के छज्जूपुर पोखरा के समीप बुधवार की दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उत्तरी लेन पर तेज रफ्तार में जा रही एक अज्ञात वाहन ने आगे चल रही कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल दुर्गावती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घायल महिलाओं की पहचान अनुष्का (30 वर्ष) पत्नी अभिषेक कुमार एवं मंजू कुमारी (65 वर्ष) पत्नी सुधीर कुमार के रूप में हुई है। दोनों झारखंड राज्य के जमशेदपुर स्थित आदित्यपुर गांव की निवासी बताई जा रही हैं।
घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि टक्कर मारने वाला वाहन दुर्घटना के बाद फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक व वाहन की तलाश शुरू कर दी है।


रिपोर्टर