फर्जी मास्टर रोल से लाखों की निकासी का आरोप, पंचायत वासियों ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

अखिल भारतीय समाचार टीम 

कैमूर---- रामगढ़ प्रखंड की ग्राम पंचायत बड़ौरा में पिछले पांच वर्षों के दौरान संचालित पंचायत विकास योजनाओं में मजदूरी भुगतान के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता किए जाने का आरोप लगा है। वही मंगलवार को भभुआं समाहरणालय पहुंचे बड़ौरा निवासी सुनील कुमार ने डीएम को आवेदन देकर इस मामले में जांच कर कार्रवाई करने का मांग किया है। इस मामले में मुखिया की पत्नी, भाई, मामा, मामी, पड़ोसियों एवं अन्य रिश्तेदारों के नाम पर कथित तौर पर फर्जी मास्टर रोल तैयार कर लाखों रुपये की सरकारी राशि की निकासी किए जाने की आशंका जताई गई है। इस संबंध में उपलब्ध बैंक भुगतान विवरण एवं प्राप्त जानकारियों के आधार पर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, विशेष ऑडिट और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। आरोप है कि पंचायत की विभिन्न विकास योजनाओं में मजदूरी भुगतान के लिए मुखिया प्रतिनिधि के करीबी पारिवारिक सदस्यों और परिचितों के नाम शामिल किए गए। आशंका व्यक्त की गई है कि संबंधित कर्मियों एवं अन्य लोगों की मिलीभगत से वास्तविक श्रम योगदान और कार्यस्थल पर उपस्थिति का सत्यापन किए बिना मस्टर रोल तैयार कर भुगतान कराया गया हो सकता है। मामले की निष्पक्षता से जांच कराने के लिए संबंधित योजनाओं के मस्टर रोल, मजदूरों की उपस्थिति पंजी, बैंक भुगतान विवरण, कार्यस्थल की तस्वीरें, योजना अभिलेख एवं भौतिक सत्यापन कराने की मांग की गई है। साथ ही पिछले पांच वर्षों की सभी संबंधित योजनाओं का विशेष वित्तीय ऑडिट कराने तथा जांच में सरकारी राशि के गबन या फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों, कर्मियों एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट