कुदरा थाना प्रशासन की कार्रवाई, 8 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 19, 2026
- 2 views
प्रशासन को मिली थी गुप्त सूचना मजिस्ट्रेट के रूप में अंचल पदाधिकारी रहे उपस्थित
कैमूर---- जिला के कुदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति ट्रेन से गांजा की खेप उतारकर कुदरा क्षेत्र में पहुंचे हैं और इसे अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सिविल ड्रेस में त्वरित कार्रवाई की योजना बनाई। इस कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट के रूप में अंचल पदाधिकारी, कुदरा विवेक कुमार को सूचना दी गई थी। उनकी निगरानी और उपस्थिति में
पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।जांच के दौरान पुलिस ने दो व्यक्तियों को गांजा के साथ धर दबोचा। बरामद गांजा को जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान इस प्रकार बताई जा रही है
1. जयप्रकाश गुप्ता उर्फ चेथरूआ, पिता - सिरी साह, निवासी - कानडिहरा गांव, थाना - कुदरा
2. मनउअर अंसारी, निवासी - कानडिहरा गांव, थाना - कुदरा
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा की यह खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां-कहां सप्लाई किया जाना था और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में गांजा तस्करों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।


रिपोर्टर