संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा एवं कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सांदीपनि विद्यालय कुरावर का किया निरीक्षण

राजगढ़ । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत भोपाल संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा एवं कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सांदीपनि विद्यालय कुरावर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचि एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नवीन सीएम राइज स्कूल के संबंध में भी जानकारी ली।

संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में कुछ न कुछ कमजोरियां होती हैं, लेकिन उनसे घबराने अथवा निराश होने की आवश्यकता नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि विद्यार्थी अपनी कमजोरियों को पहचानें और उन्हें दूर करने के लिए निरंतर प्रयास एवं परिश्रम करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि, क्षमता एवं प्रतिभा को पहचानकर भविष्य की दिशा निर्धारित करें तथा जिन विषयों में कठिनाई महसूस होती है, उन पर विशेष ध्यान देकर अध्ययन करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित एवं अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि रात्रि में समय पर सोने और सुबह जल्दी उठने की आदत विकसित करें। मोबाइल एवं टेलीविजन के अनावश्यक उपयोग से बचें तथा अपना अधिकाधिक समय अध्ययन, ज्ञानवर्धन और व्यक्तित्व विकास में लगाएं। उन्होंने कहा कि कक्षा 9वीं से ही विद्यार्थी अपने भविष्य के लक्ष्य निर्धारित कर उनकी प्राप्ति के लिए योजनाबद्ध तरीके से मेहनत प्रारंभ करें।

इस दौरान संभागायुक्त श्री शर्मा ने प्रवीण सहित अन्य विद्यार्थियों से भी आत्मीय संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, शैक्षणिक रुचियों एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट