सड़क पर बहता गटर का गंदा पानी, बदबू और फिसलन से जनजीवन बेहाल
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 05, 2025
- 183 views
भिवंडी। भिवंडी–निजामपुर शहर महानगरपालिका के प्रभाग समिति क्रमांक चार के अंतर्गत फाल्कन होटल से सुपर बिल्डिंग तक का पूरा रोड गटर जाम और टूटी नालियों के कारण लगातार गंदे पानी से लबालब है। सड़क पर बहता सीवर का पानी पूरे इलाके में दुर्गंध और संक्रमण का खतरा फैला रहा है। इसी मार्ग से रोज़ाना सैकड़ों स्कूली बच्चों का आवागमन होता है, जो मजबूरी में गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को विवश हैं।
यह सड़क दिवानशाह दरगाह और बाबू चुन्नी वाली बिल्डिंग तक जाती है। बाबू चुन्नी वाली बिल्डिंग के पास रोज़ाना लगने वाले बाजार के कारण यहां महिलाओं की भारी भीड़ रहती है। सड़क पर लगातार जमा गटर के पानी से पूरा मार्ग कीचड़ और गंदगी में तब्दील हो चुका है। पानी जमा रहने से फिसलन बढ़ गई है, जिससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय निवासी सोहेल खान ने इस भयावह स्थिति का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसके बाद यह मामला सामने आया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह गटर का पानी सड़क पर बह रहा है और लोग मजबूरी में उसी गंदगी के बीच से गुजर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार नहीं किया गया है। गटर और सड़क की तत्काल मरम्मत नहीं होने से पूरे क्षेत्र में रोज़मर्रा की ज़िंदगी प्रभावित हो रही है। सड़क पर बहता सीवर का पानी न केवल यातायात में बाधा बन रहा है, बल्कि यह गंभीर बीमारियों के फैलने का बड़ा कारण भी बन रहा है। लगातार बनी इस स्थिति से क्षेत्र में रहने वाले नागरिक भारी परेशानी झेल रहे हैं।


रिपोर्टर