जमीनी विवाद में हत्या के 24 घंटे के भीतर 5 नामजद आरोपी गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Dec 08, 2025
- 212 views
सदुल्लहपुर में रविवार को लाठी-डंडों से पीटकर हुई थी तारकेश्वर बिन्द की हत्या
एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने दबोचा, हत्या में प्रयुक्त लाठियां भी बरामद
संवाददाता निरज कुमार की रिपोर्ट
कैमूर-- जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सदुल्लहपुर गांव में रविवार को जमीनी विवाद में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल 5 मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई 3 लाठियां भी बरामद की हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार (7 दिसंबर) को सदुल्लहपुर गांव में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच पुराना विवाद गहरा गया था। यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने एकराय होकर लाठी-डंडों से तारकेश्वर बिन्द (पिता- स्व. मुखराम राम) पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी के फर्दब्यान पर रामगढ़ थाने में कांड संख्या 373/25 दर्ज किया गया। इसमें गांव के ही 15 लोगों को नामजद और 8 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। कैमूर एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोहनिया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम (SIT) का गठन किया था। पुलिस ने सदुल्लहपुर से 5 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों की पहचान ओसिहर बिन्द, हिरामन बिन्द (दोनों के पिता- स्व. बेचन बिन्द), शिवशंकर बिन्द, हल्ला बिन्द और सुभाष बिन्द (दोनों के पिता- शिवशंकर बिन्द) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेजा जा रहा है, जबकि फरार अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।


रिपोर्टर