फातमा नगर के भंगार गोदाम में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 14, 2025
- 169 views
भिवंडी। शहर के फातमा नगर इलाके में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घनी आबादी के बीच स्थित एक भंगार चिद्दी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा भारी मात्रा में भंगार इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें और काले धुएं के गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगे, जिससे आसपास के रहवासी दहशत में आ गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वही गोदाम है जिसमें पिछले वर्ष भी आग लगने की घटना सामने आई थी। उस दौरान गोदाम में रखे गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया था, जिससे आग पास की झुग्गी बस्तियों तक पहुंच गई थी। हालांकि उस समय किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई थी, लेकिन बड़ा हादसा होते-होते टल गया था। इसके बावजूद गोदाम मालिक द्वारा आग से सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए जाने का आरोप स्थानीय नागरिकों ने लगाया है।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि गोदाम में ज्वलनशील भंगार सामग्री बिना किसी सुरक्षा मानकों के संग्रहित की गई थी। यही लापरवाही एक वर्ष के भीतर दूसरी बार आगजनी की बड़ी घटना का कारण बनी। घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी निजामपुर महानगरपालिका की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। घनी आबादी के कारण दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।फिलहाल समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा। प्रशासन की ओर से मामले की जांच के संकेत दिए गए हैं, वहीं स्थानीय नागरिकों ने ऐसे गोदामों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।


रिपोर्टर