भिवंडी सब जेल में कैदी का तांडव, सरकारी काम में बाधा, CCTV व लाइटें तोड़ी

भिवंडी । भिवंडी स्थित सब जेल में एक कैदी द्वारा जमकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोपी कैदी ने जेल परिसर में न केवल उत्पात मचाया, बल्कि शासकीय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को धमकाने, गाली-गलौज करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। इस घटना से कुछ देर के लिए जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले में शांतिनगर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 4 फरवरी की सुबह करीब 10.30 बजे भिवंडी सब जेल में घटी। शिकायतकर्ता पुलिस हवलदार सचिन कृष्णा जगताप, जो शांतिनगर पुलिस थाने में तैनात हैं, उस समय शासकीय कर्तव्य का पालन कर रहे थे। इसी दौरान फैयाज इस्लाम शेख (25), जो मुंबई का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में सब जेल में बंद है, अचानक आक्रामक हो गया। आरोप है कि कैदी ने जेल प्रशासन और पुलिसकर्मियों पर चिल्लाते हुए कहा कि उसके ऊपर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। उसने धमकी भरे लहजे में कहा, “मुझे छोड़ दो, मैं किसी से नहीं डरता, मेरे ऊपर कई केस हैं।” इसके बाद आरोपी ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे को खींचकर नीचे पटक दिया, जिससे कैमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही उसने तीन बल्ब तोड़ दिए और जेल की अन्य संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। जब पुलिस हवलदार और अन्य जेल स्टाफ ने उसे शांत कराने और समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जानबूझकर सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए शांतिनगर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के इस व्यवहार से जेल की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन भंग हुआ है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन देसाई द्वारा की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट