भिवंडी कांग्रेस में बैनर-पोस्टर से कार्यालय उद्घाटन तक पहुंचे सपा विधायक रईस शेख

मनपा चुनाव में सपा की मुश्किलें बढ़ीं, कांग्रेस–राकांपा के प्रचार में दिखे विधायक

भिवंडी। भिवंडी महानगरपालिका चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच भिवंडी पूर्व विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक रईस कासिम शेख की गतिविधियों ने सपा खेमे में बेचैनी बढ़ा दी है। विधायक रईस शेख सपा उम्मीदवारों के प्रचार से दूरी बनाते हुए कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के उम्मीदवारों के समर्थन में सक्रिय नजर आ रहे हैं।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि विधायक रईस शेख हाल के दिनों में कांग्रेस के बैनर-पोस्टर से लेकर कार्यालय उद्घाटन और चुनावी सभाओं तक में शामिल हो चुके हैं। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय लाला द्वारा रात के समय विधायक रईस शेख से लगातार बैठकें किए जाने की भी शहर में चर्चा है। इन घटनाक्रमों को लेकर सपा उम्मीदवारों में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि भिवंडी मनपा चुनाव अब पार्टी बनाम पार्टी की बजाय व्यक्तिगत समीकरणों और राजनीतिक खींचतान का रूप लेता जा रहा है। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि विधायक का खुला समर्थन न मिलने से चुनावी रणनीति कमजोर पड़ रही है।

गौरतलब है कि भिवंडी मनपा की कुल 90 सीटों में से समाजवादी पार्टी ने 59 सीटों पर साइकिल चुनाव चिन्ह के साथ अपने उम्मीदवार उतारे हैं। हालांकि विधायक रईस शेख की निष्क्रियता और कांग्रेस–राकांपा उम्मीदवारों के साथ बढ़ती नजदीकियों के चलते सपा का खाता खुलेगा या नहीं, इस पर सवाल खड़े हो गए हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यदि यही स्थिति बनी रही तो इसका सीधा असर सपा के चुनावी प्रदर्शन पर पड़ सकता है।

------------------------------------

भिवंडी मनपा प्रभाग क्रमांक 9 ए, बी, सी और डी से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार मोमिन तारिक अब्दुल बारी, अंसारी निखत दानिश, अंसारी जोहा असरार (लक्की) और प्रशांत अशोक लाड के चुनावी मंच पर सपा विधायक रईस कासिम शेख की मौजूदगी ने राजनीतिक हलचल और तेज कर दी है। मंच पर विधायक को देखते ही कांग्रेस उम्मीदवारों ने अपने कंधों से कांग्रेस का चुनावी गमछा उतार दिया। मंच पर मौजूद एक पूर्व मंत्री के गले से भी कांग्रेस चुनाव चिन्ह वाला गमछा हटाया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर शहर में चर्चा है कि जब कार्यक्रम कांग्रेस का था, तो सपा विधायक वहां किस हैसियत से पहुंचे।  जबकि इसी प्रभाग में समाजवादी पार्टी से अ,ब,क और ड.से क्रमशः इस्माईल मो.युसुफ रंगरेज,खान इकरा बानो (डब्बल),अंसारी निलोफर और दीपक बलवंत वाणी चुनावी रण में है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट